Madhya Bharat Consortium of Farmer Producers Company Limited

माकड़ी ब्लॉक, जिला कोंडागांव, छत्तीसगढ़, एक पिछड़ा क्षेत्र है, जहां आजीविका का मुख्य स्रोत कृषि है। यहाँ छोटे जोत वाले किसान अधिक संख्या में हैं। परिवारों की आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए, अधिकांश युवा रोजगार की तलाश में शहरों की ओर पलायन करते हैं। छोटी जोत होने के कारण यहाँ रासायनिक खाद का उपयोग बहुत कम किया जाता है, और कई खेतों में इसका उपयोग बिल्कुल नहीं होता। यहाँ मुख्य रूप से धान, मक्का, और दलहन की खेती होती है। कुछ किसान बहुत छोटे स्तर पर सब्जी उत्पादन भी करते हैं। गाँव के आसपास कोई कृषि मंडी नहीं होने के कारण, किसान अपनी फसल कम दामों पर गाँव के व्यापारी या बिचौलियों को बेच देते हैं।

वर्ष 2021 में, मध्य भारत कॉन्सोर्टियम ने भारत सरकार की केंद्रीय क्षेत्रीय योजना , महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत माकड़ी क्षेत्र में “माकड़ी नारंगी जैविक कृषि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड” की स्थापना और संवर्धन का कार्य शुरू किया। वर्तमान में, इस कंपनी ने 700 किसानों को जोड़कर एक करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। कंपनी मुख्य रूप से कृषि आदान, कृषि उत्पाद (धान एवं मक्का) और कृषि प्रसंस्करण (मसाले, अचार, एवं मक्के का आटा) के व्यापार में सक्रिय है।

कंपनी के एक सदस्य श्रीमती फुलेश्वरी नेताम बताती हैं, “हम वर्षों से खेती कर रहे हैं और अपने कृषि उत्पाद को गाँव के व्यापारियों को उनके तय दाम पर बेचते थे। बहुत सारी चीजों के सही दाम का हमें कोई अंदाजा नहीं था। आमदनी इतनी कम थी कि हमें तय करना पड़ता था कि घर चलाएं या खेती के लिए बीज और रासायनिक खाद खरीदें।

जब से हम कंपनी से जुड़े हैं, कृषि आदान हमें आसानी से उपलब्ध होने लगे हैं। अब हम अपनी फसल स्थानीय व्यापारियों को नहीं देते, बल्कि कंपनी हमारे उत्पाद एकत्र कर बड़े व्यापारियों को अच्छे दामों पर बेच रही है, जिससे हमें भी अधिक मूल्य मिल रहा है।

मध्य भारत कॉन्सोर्टियम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री योगेश द्विवेदी द्वारा हमारी आमदनी बढ़ाने और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए हमारे कंपनी सदस्यों को कृषि उत्पाद प्रसंस्करण का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण से प्रेरित होकर हमने मक्के का आटा और आम का अचार बनाने का कार्य शुरू किया। मध्य भारत कॉन्सोर्टियम के मार्गदर्शन एवं सहयोग से हमारे उत्पादों को ऑनलाइन ONDC (Mystore) पर सूचीबद्ध किया गया। अब हमारे उत्पाद न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। कल तक जो किसान अपने गाँव से बाहर नहीं निकल पाता था, आज वही किसान अपने उत्पादों को देश के कोने-कोने में भेज रहा है।

हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी जी ने भारत सरकार की नई पहल को आगे बढ़ाते हुए हमारी कंपनी से आम का अचार ऑनलाइन ऑर्डर किया। उनके इस कदम ने न केवल हमें प्रोत्साहित किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि उत्पादक कंपनियों के शुद्ध उत्पाद अपनाकर ग्राम स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार बढ़ाया जा सकता है और छोटे किसानों की ज़िंदगी बदली जा सकती है। हमें विश्वास है कि उनकी इस पहल से और भी लोग प्रेरित होंगे और वे भी FPO के उत्पाद खरीदकर हमारी मदद करेंगे। श्री ओ.पी. चौधरी जी, आपके समर्थन के लिए हम तहेदिल से आपका आभार व्यक्त करते हैं।

हम केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी का भी हृदय से आभार प्रकट करते हैं। उनकी दूरदृष्टि, मार्गदर्शन, और आर्थिक सहयोग ने हम छोटे और सीमांत किसानों को प्रेरणा एवं ताकत दी। इसके कारण आज हम अपने पैरों पर मजबूती से खड़े हो पाए हैं। भारत सरकार की इस पहल ने हमें आत्मनिर्भर बनाया और हमें अपने बच्चों के लिए एक बेहतर भविष्य का सपना देखने का हौसला दिया है। इसके लिए हम पूरी सरकार को बार-बार धन्यवाद देते हैं।

श्री योगेश द्विवेदी को भी हृदय से धन्यवाद, जिन्होंने भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया। उन्होंने हमारे किसानों के चेहरे पर जो मुस्कान लाई है, वह हमारे लिए अनमोल है।

– मैं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी जी, कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी और भारत सरकार का हृदय  से धन्यवाद करता हूं। आपने हमारे किसानों के चेहरों पर जो मुस्कान लाई है, वह हम सबके लिए अनमोल है।   – श्री योगेश द्विवेदी, सीईओ, मध्य भारत कॉन्सोर्टियम